भाजपा के प्रशिक्षित वर्कर्स मैदान में उतरने को तैयार
उज्जैन
उज्जैन में दो दिन तक चले भाजपा के विधायक प्रशिक्षण वर्ग में नेताओं को निकाय चुनाव के लिए मंत्र मिल गया है। पार्टी अब अपना जनाधार बढ़ाते हुए कांग्रेस को और कमजोर करने की रणनीति पर काम करेगी। वहीं कांग्रेस भी 21 फरवरी को इंदौर में संभागीय सम्मेलन के जरिए अपने नेताओं की ताकत को परखेगी। इंदौर संभाग के नेताओं को ज्यादा से ज्यादा संख्या में कार्यकर्ताओं को इस सम्मेलन में लाने का दारोमदार है।
दो दिन तक उज्जैन में प्रशिक्षण लेकर क्षेत्र में लौटे भाजपा विधायकों को कांग्रेस के बिखरते वोटबैंक को और बिखेरने वाली रणनीति पर काम करना है। इसके लिए पार्टी द्वारा दिए गए मंत्र पर अब विधायक काम करेंगे ताकि आने वाले निकाय चुनाव में पार्टी कांग्रेस को खत्म करने की दिशा में और मजबूती हासिल करे। इस मंथन में प्रदेश संगठन और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की उपलब्धियों का जनता के बीच प्रचार करना प्राथमिकता में रखें।
दो दिनी मंथन में विधायकों को साफ कहा गया है कि मध्यप्रदेश में वर्षों से दो ध्रुवीय राजनीति है। कांग्रेस लड़खड़ा रही है, उसका वोट बैंक बिखर रहा है। इसलिए आने वाले समय में अपना जनाधार बढ़ाना हमारा लक्ष्य रहना चाहिए। विधायक, सत्ता और संगठन एक त्रिशूल की तरह काम करें, इसके लिए हमें कार्यप्रणाली बनाई जाना है। विधायकों को यह भी टारगेट मिला है कि सरकार की योजनाओं और प्रक्रियाओं का अध्ययन करें और हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने में कोर कसर नहीं छोड़ें। हितग्राहियों को पार्टी से जोड़ें। जिस विचार के कारण जनता हमारा समर्थन करती है, उस विचार को अपने व्यवहार उतारें, अंगीकार करें। जनमानस की अपेक्षाओं के अनुसार काम करें। क्षेत्र का विकास कैसे हो सकता है ? क्षेत्र की जनता क्या चाहती है ? यह जनप्रतिनिधि को हमेशा ध्यान रखने की आवश्यकता है।

पाठको की राय